दुनिया के प्रमुख धर्म- major religions in Hindi-1

दुनिया के प्रमुख धर्म

सही मायने में देखें तो धर्म का मूल अर्थ बहुत व्यापक, सार्वभौमिक और सर्व-कालिक है। भौगोलिक परिस्थिति या काल बदलने से धर्म नहीं बदलता। इस गहरे दृष्टिकोण से धर्म समस्त विश्व के कल्याण का मार्ग है। लेकिन, आम जीवन में धर्म का उल्लेख अलग-अलग उपासना पद्धतियों या जीवन सिद्धांतों के लिए किया जाता है। ‘हिंदू धर्म’, ‘इस्लाम धर्म’, ‘बौद्ध धर्म’, ‘ईसाई धर्म’, ‘सिख धर्म’ जैसे शब्दों के प्रचलन दुनिया की सभी भाषाओं में पाए जाते हैं। दरअसल, इन्हें धर्म नहीं बल्कि संप्रदाय या उपासना पद्धति कहना ज्यादा सही है। इस आलेख में आप विश्व के प्रमुख धर्म (उपासना पद्धतियों या संप्रदायों) और उनके जुड़ी रोचक किंतु जरूरी जानकारियां प्राप्त करेंगे। जैसे कि- दुनिया के विभिन्न हिस्सों में उनका प्रसार, उनके अनुयायियों की संख्या और उनका संक्षिप्त इतिहास, उनके उपासना स्थल आदि।

दुनिया के प्रमुख धर्म : major religions of the world in Hindi – भाग 1

इस आलेख का उद्देश्य न तो किसी भी धर्म (संप्रदाय) की व्याख्या करना न ही और न ही उनके बारे में अपनी ओर से कोई धारणा बनानी है। हमारा मानना है कि दुनिया की समस्त उपासना पद्धति मूलतः ब्रह्मांड की अदृश्य संचालक शक्ति की उपासना, प्रार्थना करने की मनुष्य की नैसर्गिक जरूरत और समाज को शिक्षित करने के उद्देश्य से विकसित हुई। समय के साथ उनमें सामाजिक और धार्मिक रीतियां जुड़ती चली गईं। तो आइए, डालते हैं एक नजर विश्व के प्रमुख धर्मों से जुड़ी जानकारियों और आंकड़ों पर। उम्मीद है, अगली बार जब आप धर्मों से जुड़ी किसी चर्चा में शामिल हों तो आपके लिए ये जानकारियां और आंकड़े उपयोगी सिद्ध होंगे। आलेख में धर्मों का क्रम उनके प्रति किसी रुझान के आधार पर नहीं बल्कि उनके अनुयायियों की संख्या के आधार पर चुना गया है। आज दुनिया में तकरीब साढ़े सात अरब (7.5 अरब) लोग रहते हैं। यह जानना दिलचस्प होगा कि 7.5 अरब लोगों की यह आबादी आज किन धर्मों (संप्रदायों) में विभाजित हैं। 

संपूर्ण आलेख में दुनिया के 10 प्रमुख धर्मों को शामिल किया गया है। रोचकता बनाए रखने और पाठकों की सहूलियत को ध्यान मेंं रखकर आलेेेख को दो भागों में बांटा गया है। प्रस्तुत है भाग-1 जिसमें 4 धर्म लिए गए हैं। “दुनिया के प्रमुख धर्म भाग-2″ में आप पढेंगे 6 अन्य धर्मों के बारे में।

संसार के प्रमुख धार्मिक संप्रदाय

1. ईसाई धर्म (Christianity)

प्रवर्तक : जीसस क्राइस्ट (ईसा मसीह), स्थान : ज्यूडिया, आधुनिक इज्रायल-फिलिस्तीन, काल : आज से लगभग 2000 साल पूर्व, प्रमुख ग्रंथ : बाइबल (न्यू टेस्टामेंट- इंगलिश), प्रमुख उप-संप्रदाय या शाखा : रोमन कैथॉलिक, प्रोटेस्टेंट, ऑर्थोडॉक्स, एंग्लिकन, एवैंजेलिक आदि। उपासना स्थल : चर्च, कैथेड्रल, बैसिलिका, चैपल, टेंपल (फ्रांस), कर्क/Kirk (स्कॉटलैंड)

दुनिया के प्रमुख धर्म- major religions in Hindi
सेंट पीटर्स बैसिलिका, रोम – दुनिया का सबसे बड़ा चर्च

ईसाई धर्म का केंद्रीय तत्व जीसस क्राइस्ट के सदाचार और अहिंसा-आधारित सरल उपदेश हैं। जीसस की मूर्ति, तस्वीर और क्रॉस आदि कुछ चिह्नों को पवित्र मान कर पूजा जाता है। ईसाइयों के कुछ कर्मकांड हैं पर वे सरल और संख्या में कम हैं। रोम के वेटिकन सिटी के पोप (बिशप ऑफ रोम) दुनिय भर के कैथोलिक चर्च के प्रमुख होते हैं।

प्रसार और संख्या

दुनिया में सर्वाधिक लोग ईसाई धर्म का अनुसरण करते हैं। आज लगभग 250 करोड़ (2.5 अरब) लोग ईसाई मत को मानने वाले हैं। यानी, दुनिया का हर तीसरा आदमी ईसाई है। इनकी आबादी दुनिया के लगभग सभी हिस्सों और सभी देशों में पाई जाती है। ईसाइयों की सर्वाधिक आबादी उ. अमेरिका, द. अमेरिका और यूरोप महादेशों में संकेंद्रित है। देश की बात करें, तो सर्वाधिक ईसाई आबादी वाला देश संयुक्त राज्य अमेरिका है जहां लगभग 23 करोड़ लोग इसके मतालंबी हैं। यानी, अमेरिका की कुल 33 करोड़ की आबादी में तकरीबन 71% लोग ईसाई हैं। वेटिकन सिटी की 100% जनसंख्या ईसाई है। दुनिया की अधिकांश ईसाई आबादी सं.रा. अमेरिका, ब्राजील, रूस, मेक्सिको, फिलिपाइंस, नाइजीरिया, कॉन्गो, इथियोपिया, इटली, जर्मनी, ब्रिटेन, फ्रांस, भारत, इंडोनेशिया आदि देशों में निवास करती है। भारत की आबादी का 2.3% यानी लगभग 3 करोड़ लोग ईसाई मत को मानने वाले हैं।

2. इस्लाम धर्म (Islamism) :

प्रवर्तक : पैगंबर मोहम्मद, स्थान : मक्का (सऊदी अरब), काल : आज से लगभग 1400 साल पूर्व, प्रमुख ग्रंथ : कुरान (भाषा-अरबी), प्रमुख उप-संप्रदाय या शाखा : शिया और सुन्नी, उपासना स्थल : मस्जिद

मक्का-मदीना मस्जिद
मक्का मस्जिद – दुनिया का सबसे बड़ा मस्जिद

एक ईश्वर (खुदा) के सिद्धांत पर आधारित इस धर्म में ईश्वर के दूत के रूप में पैगंबर का विशेष महत्व है। इस्लाम में खुदा यानी ईश्वर के अलावा कोई अन्य चीज या प्रतीक पूजनीय नहीं होता। मूर्तिपूजा और व्यक्ति पूजा को खास तौर पर निंदनीय माना गया है। कर्मकांड भी हैं, लेकिन बहुत कम। इस्लाम में हज कहलाने वाली धार्मिक तीर्थ यात्रा का बहुत महत्व है। सऊदी अरब के मक्का स्थित काबा नाम स्थान की यात्रा हज कहलाती है। यहां पहुंचने वाले लोगों (हाजियों) को कुछ कर्मकांड भी करने पड़ते हैं। इस्लाम धर्म का सार पैगंबर मोहम्मद द्वारा चलाए गए नैतिक और सामाजिक नियम तथा एक ईश्वर की आराधना (खुदा की इबादत) के उपदेश हैं।

प्रसार और संख्या

अनुयायियों की संख्या के लिहाज से इस्लाम दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा धर्म है। आज दुनिया में लगभग 180 करोड़ लोग इस्लाम का अनुसरण करते हैं। यानी दुनिया के चार में से एक आदमी मुसलमान है। ईसाइयों की तरह इस्लामी आबादी भी दुनिया के लगभग हर हिस्से और हर देश में पाई जाती है। ईस्लामी आबादी का ज्यादातर संकेंद्रण एशिया और अफ्रीका महाद्वीपों में है। देश के अनुसार देखा जाए तो इस्लाम को मानने वाले ज्यादातर लोग इंडोनेशिया, भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नाइजीरिया, मिस्र, ईरान, तुर्की, अल्जीरिया, मोरक्को, चीन, रूस आदि देशों में निवास करते हैं। दुनिया में सबसे अधिक 23 करोड़ मुसलमान आबादी इंडोनेशिया में बसती है, जिसके बाद भारत और पाकिस्तान का स्थान है, जहां 2018 में प्रत्येक की मुस्लिम आबादी लगभग 20-21 करोड़ अनुमानित थी। भारत में लगभग 15% लोग इस्लाम को मानने वाले हैं।

major religions in Hindi

3. सनातन/हिंदू धर्म (Hinduism)

सनातन हिंदू किसी एक व्यक्ति द्वारा इतिहास के किसी एक काल-खंड में चलाया गया धर्म नहीं है। यह हजारों सालों से मनुष्य द्वारा विकसित उपासना पद्धतियों, दर्शनों और परंपराओं का लगातार होते रहने वाला समुच्चयन है। इसलिए इसके प्रवर्तक, स्थान और काल का विवरण बेमानी है। हिंदू धर्म की सबसे बड़ी विशेषता है यहां बहुदेववाद और एकेश्वरवाद, साकार (विभिन्न देवताओं की प्रतिमाओं और मानवीय स्वरूपों पर आधारित) और निराकार (बिना किसी मूर्ति या प्रतीक पर आधारित) उपासना की सभी धाराएं एक जगह इकट्ठी मिलती हैं।

दुनिया के प्रमुख धर्म
अंकोर वाट मंदिर, कंबोडिया – दुनिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर

धार्मिक ग्रंथ : हिंदुओं के धार्मिक साहित्य के अंतर्गत गीता, रामायण, पुराण, उपनिषद, वेद जैसे ग्रंथ और अनेक चालिसाओं, प्रार्थनाओं और मंत्रों के संग्रह शामिल किए जा सकते हैं। इन ग्रंथों की भाषा संस्कृत और भारत के विभिन्न भागों की क्षेत्रीय भाषाएं हैं।

उपासना स्थल :  मंदिर प्रमुख उपासना स्थल हैं, लेकिन किन्ही प्राचीन मान्यताओं के आधार पर प्रकृति में स्थित कोई विशेष वृक्ष, शिला या पर्वत भी हिंदुओं के उपासना केंद्र हो सकते हैं। हिंदू धर्म में विभिन्न प्राकृतिक शक्तियों और पौराणिक देवी-देवताओं की मंदिर में स्थापित मूर्तियों से लेकर नदियों के तट, वृक्ष, वन, पहाड़, शिला आदि उपासना के विषय माने जाते हैं।

प्रमुख उप-संप्रदाय : शैव, वैष्णव, शाक्त, वैदिक, स्मार्त आदि हिंदुओं के प्रमुख संप्रदाय हैं। फिर, इनके अंतर्गत भी दर्जनों उपाशाखाएं हैं, नाथपंथ, अघोरपंथ, दसनामी, लिंगायत, पुष्टिमार्ग, वरकरी आदि उनमें से बस कुछ प्रमुख उदाहरण हैं।

मूर्तिपूजा और कर्मकांडों का व्यापक प्रचलन : मूर्ति पूजा समाज में बड़े पैमाने पर प्रचलित रही है। एक ही ईश्वर की सार्वभौम व्याप्ति के अंतर्निहित सिद्धांत के बाजवूद हिंदू धर्म में अनेक देवी-देवताओं और प्राकृतिक शक्तियों की मूर्ति-रूप में पूजन का चलन अनादि काल से रहा है। हिंदुओं की धार्मिक प्रणाली में कर्मकांड (rituals) का महत्व बाकी किसी भी धर्म की तुलना में अधिक है। हवन और यज्ञ हिंदू धर्म के खास उपादान रहे हैं।

प्रसार और संख्या

जनसंख्या के लिहाज से हिंदू धर्म दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी उपासना पद्धति है। हिंदू धर्म को मानने वाली अधिकांश आबादी भारत, नेपाल और दक्षिण एशिया के अन्य देशों में निवास करती है। बावजूद इसके, दुनिया के 100 से अधिक देशों में स्थायी नागरिक या प्रवासी समुदायों के रूप में हिंदुओं की आबादी फैली है। 2018 के अनुमानों के आधार पर, दुनिया भर में लगभग 113 करोड़ हिंदू उपासना पद्धति का अनुसरण करते हैं, जिसमें सबसे अधिक 100 करोड़ लोग भारत में हैं। नेपाल दूसरे स्थान पर है जहां लगभग 2.4 करोड़ लोग हिंदुत्व को मानते हैं।

प्रमुख धार्मिक संप्रदाय- major religions in Hindi

4. बौद्ध धर्म (Budhism)

प्रवर्तक : गौतम बुद्ध, स्थान : बोधगया (बिहार, भारत), काल : आज से लगभग 2500 साल पूर्व, प्रमुख ग्रंथ : त्रिपिटक (विनय, सुत्त और अभिधम्मपिटक- पाली भाषा में बुद्ध के उपदेशों का संकलन), प्रमुख उप-संप्रदाय या शाखा : हीनयान, महायान, वज्रयान आदि, उपासना स्थल : स्तूप, चैत्य।

दुनिया के प्रमुख धर्म- major religions in Hindi
दुनिया के सबसे बड़े बौद्ध स्तूप बोरोबुदुर स्तूप का एक हिस्सा, जावा (इंडोनेशिया)

बुद्ध और उनके उपदेश बौद्ध धर्म और दर्शन के केंद्रीय तत्व हैं। बौद्ध धर्म मूलतः सरल जीवन, वैराग्य, अहिंसा, नैतिक सिद्धातों, विशुद्ध ज्ञान और ध्यान आधारित एक अनीश्वरवादी धर्म है, जिसके मूल रूप से मूर्तिपूजा का कोई विधान नहीं था। लेकिन, समय के साथ इसमें मूर्तिपूजा, कर्मकांड आदि जुड़ते चले गए। संगठित संस्थागत धर्म (organized institutional religion) का यह संसार का पहला उहादरण है।

प्रसार और संख्या

बौद्ध धर्म के अनुयायी मुख्य रूप से एशिया के कुछ देशों तक सीमित हैं। कुल मिलाकर आज दुनिया में लगभग 52 करोड़ लोग बौद्ध धर्म का अनुसरण करते हैं। बौद्धों की ज्यादातर आबादी चीन, जापान, द. कोरिया, कंबोडिया, थाइलैंड, लाओस, वियतनाम, मलेशिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया, म्यनमार, श्रीलंका, भूटान, नेपाल, मंगोलिया और भारत में निवास करती है। दुनिया में सबसे अधिक 25 करोड़ बौद्ध अनुयायी चीन में रहते हैं जो वहां की जनसंख्या का लगभग 18 प्रतिशत है (हालांकि, चीन में आधिकारिक रूप से किसी भी धर्म को मानना निषिद्ध है)। इसके बाद थाइलैंड (लगभग 6.5 करोड़), म्यानमार (लगभग 5 करोड़) और जापान (लगभग 4.6 करोड़) क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर आते हैं। भारत में, जहां से जन्म लेकर संपूर्ण एशिया में बौद्ध धर्म प्रसारित हुआ, आज मुश्किल से केवल 1 करोड़ लोग बौद्ध धर्म का अनुसरण करते हैं।

दुनिया के प्रमुख धर्म- major religions in Hindi

आलेख का शेष भाग आगे पढ़ें…

दुनिया के प्रमुख धर्म [religions of the world] – भाग 2…

नए आलेखों की जानकारी पाने के लिए Follow बटन क्लिक कर ब्लॉग सब्सक्राइब कर लें। Follow बटन क्लिक करने के तुरंत बाद आपको एक ईमेल जाएगा जिसे खोलकर आपको ‘Confirm Follow’ पर क्लिक करना होगा, बस!

About admin 111 Articles
फलसफा यही कि चलते रहना, सीखते रहना और बांटते रहना। अपने बारे में मुझे लगता है यही काफी है, बाकी हम भी आपकी तरह ही हैं।

1 Comment

1 Trackback / Pingback

  1. दुनिया के प्रमुख धर्म [religions of the world] - भाग 2... - वाइडएंगल ऑफ़ लाइफ़

Leave a Reply